नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल की ऐतिहासिक नैनी झील में शनिवार को एक युवक का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मल्लीताल स्थित पिलग्रिम हाउस निवासी 20 वर्षीय रोहन शर्मा के रूप में हुई है, जो बीते 10 दिनों से लापता था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर लगभग 1 बजे शनि मंदिर के समीप नैनी झील में एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया। झील में शव देखे जाने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल मल्लीताल कोतवाली पुलिस को अवगत कराया।
सूचना पर पुलिस टीम नाव चालकों के साथ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को झील से बाहर निकाला गया।शव की पहचान रोहन शर्मा पुत्र पुष्कर शर्मा के रूप में की गई।
परिजनों के अनुसार, रोहन 25 दिसंबर को बिना किसी को बताए घर से निकला था। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लग पाया, तो परिजनों ने 30 दिसंबर को मल्लीताल कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत आत्महत्या है या दुर्घटना, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।पुलिस मामले की जांच हर एंगल से कर रही है, वहीं झील में युवक का शव मिलने से शहर में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।





