देहरादून। हल्द्वानी नगर निगम के मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर नैनीताल जिले की तमाम समस्याओं से अवगत कराया।
मेयर गजराज बिष्ट ने मुख्यमंत्री से कहा कि जिले के अधिवक्तागण, दस्तावेज लेखक एवं स्टांप विक्रेता लंबे समय से पेपरलेस रजिस्ट्री के खिलाफ कार्य बहिष्कार पर हैं। मेयर ने आंदोलित अधिवक्ता, दस्तावेज लेखक और स्टांप विक्रेताओं के आग्रह पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपा, जिसमें वर्चुअल व पेपरलेस रजिस्ट्री को लागू न करने का निवेदन किया गया।
कहा कि रजिस्ट्री संबंधी कार्य एक विधिक प्रक्रिया है, जिसमें कानूनी विशेषज्ञों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इसे केवल विधि का ज्ञान रखने वाले व्यक्तियों द्वारा ही सत्यापित किया जाना आवश्यक है। विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री इस विषय पर गंभीरता से विचार करेंगे और अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों व स्टांप विक्रेताओं के हितों की रक्षा करेंगे।





