प्रयागराज। महाकुंभ में मची भगदड़ के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ एक्शन में हैं। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए बताया, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। रात 1 से 2 बजे के बीच कुछ श्रद्धालु बैरिकेडिंग को फांदने की कोशिश की उसके बाद भगदड़ की स्थिति बन गई और कुछ श्रद्धालु घायल हुए। घायलों के इलाज के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, “प्रयागराज में स्थिति नियंत्रण में है।”
आज प्रयागराज में करीब 8-10 करोड़ श्रद्धालु मौजूद हैं। संगम नोज की ओर श्रद्धालुओं के आने से लगातार दबाव बना हुआ है। अखाड़ा मार्ग पर बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश में कुछ श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रयागराज महाकुंभ पर पीएम मोदी की नजर-
योगी आदित्यनाथ ने बताया, प्रधानमंत्री अब तक चार बार स्थिति का जायजा ले चुके हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी लगातार स्थिति की रिपोर्ट ले रहे हैं। प्रयागराज में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन भीड़ अभी भी काफी है। विभिन्न अखाड़ों के संतों ने विनम्रतापूर्वक कहा है कि श्रद्धालु पहले पवित्र स्नान करें और भीड़ कम होने पर अखाड़े पवित्र स्नान के लिए आगे बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री योगी ने की हाई लेवल बैठक-
प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ मचने की घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की है और वह महाकुंभ की स्थिति पर नजर रख रहे हैं। लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास पर हुई उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, प्रमुख सचिव (गृह), अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) और मुख्यमंत्री सचिवालय के अधिकारी मौजूद थे।







