देहरादून। रोड कटिंग में शर्तों के उल्लंघन पर जिलाधिकारी देहरादून ने कड़ा एक्शन लिया है। जनता से मिल रही शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए डीएम देहरादून ने क्यूआरटी गठित सड़क पर चल रहे कार्यों को शर्तों के अनुरूप करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही काम में लापरवाही बरतने वाले यूपीसीएल के ठेकेदारों पर कार्रवाई की गई है।
निर्माण कार्य लापरवाही बरतने पर निर्माण कार्य से जुड़े तीन ठेकेदार और एक जेई के विरुद्ध निर्माण कार्य स्थल के संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज किया गया।
बता दें कि निर्माण कार्यों के लिए रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक की ही अनुमति थी। लेकिन दिन में निर्माण कार्य किया जा रहा था।
इसके साथ ही 100-100 मीटर तक खोदने की अनुमति थी जबकि 300-400 मीटर तक खुदाई की जा रही थी। इसके साथ ही निर्माण स्थल पर बेरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजाम भी नहीं थे। जिसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था और व्यक्तिगत सुरक्षा का खतरा बना हुआ था। जिस पर कार्रवाई करते हुए ठेकेदारों पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं।







