नैनीताल। जिलाधिकारी के आदेशों के अनुपालन में लालकुआं दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा एवं अध्यक्ष मुकेश बोरा ने अवगत कराया कि दुग्ध संघ द्वारा निर्देशों का पालन किया जा रहा है। लिखित व मौखिक रूप से सभी दुग्ध समितियों एवं दुग्ध संग्रह केंद्रों पर दूध संग्रहण के समय में आवश्यक बदलाव कर दिया गया है।
पर्वतीय क्षेत्रों में आदमखोर वन्यजीव की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने जनसुरक्षा के दृष्टिगत महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ने तहसील धारी एवं रामगढ़ क्षेत्रों में स्थित दुग्ध संग्रह केंद्रों पर दूध पहुंचाने का समय प्रातः 6 से 7 बजे के स्थान पर अब प्रातः 7 से 8 बजे निर्धारित किया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में दूध एवं दुग्ध संग्रह केंद्रों तक दूध पहुंचाने के दौरान लोगों की जान-माल की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसको गंभीरता से लेते हुए उन्होंने महाप्रबंधक दुग्ध संघ लालकुआँ को निर्देश दिए कि समय परिवर्तन की सूचना सभी संबंधित दुग्ध समितियों, संग्रह केंद्र प्रभारियों एवं दुग्ध उत्पादकों को लिखित एवं मौखिक माध्यम से तत्काल प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने स्थानीय प्रशासन, वन विभाग एवं दुग्ध समितियों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था अगले आदेशों तक प्रभावी रहेगी तथा निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराया कराया जा रहा है ।





