नैनीताल। राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) ने नैनीताल जिले में तीन विकास परियोजनाओं को अनुदान सहायता के अंतर्गत स्वीकृति प्रदान की है। इन परियोजनाओं के लिए 1.88 करोड़ से अधिक की अनुदान राशि मंजूर की गई है।
जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड मुकेश बेलवाल ने बताया कि योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के अवसर बढ़ाना और जल व जनजातीय विकास को मजबूती देना है।
जनजातीय विकास निधि के तहत रामनगर विकासखंड में बुक्सा जनजाति के 200 परिवारों के लिए चार वर्षीय परियोजना स्वीकृत की गई है जिसकी कुल लागत 2.05 करोड़ है। इसमें बागवानी, पशुपालन, जल संरक्षण और प्रशिक्षण गतिविधियां शामिल हैं।
ग्राम्य विकास निधि के अंतर्गत ज्योलीकोट क्षेत्र के चोपड़ा गांव में ग्राम विहार परियोजना को मंजूरी दी गई है। 22.92 लाख लागत वाली इस योजना से ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
वहीं जलागम विकास निधि के तहत ओखलकांडा विकासखंड में अमजर जलागम परियोजना के क्षमता निर्माण चरण को एक वर्ष के लिए स्वीकृति दी गई है। इन परियोजनाओं से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे।





