नैनीताल। पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड महोदय के निर्देशों पर एसएसपी नैनीताल प्रहलाद मीणा आईपीएस के निर्देशन में नैनीताल में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।
बीते दिवस जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में संज्ञान लेते हुए प्रहलाद नारायण मीणा एसएसपी नैनीताल द्वारा जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के दृष्टिगत सभी अधीनस्थों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित सार्वजनिक स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन तथा पर्यटन स्थलों में प्रभावी चेकिंग करने हेतु निर्देशित किया गया है। निर्देशानुसार आज जिले की बीडीएस, डॉग स्क्वायड द्वारा हल्द्वानी, नैनीताल शहर के रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, सार्वजनिक स्थलों तथा कैंची धाम में गहन चेकिंग अभियान चलाया गया। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई तथा जनता से संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस और 112 को देने की अपील की गई।
- सभी राजपत्रित अधिकारी/थाना/ चौकी प्रभारी एवं पुलिस बल द्वारा हर चौक, बस अड्डा, और पर्यटन स्थलों पर चैकिंग अभियान जारी है।
- सभी भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की तलाशी ली जा रही है।
- लोगों से शांति बनाए रखने और सतर्क रहने की अपील की जा रही है। सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें।





