हल्द्वानी। आजकल कुछ समय से कई कार्यालयों संस्थानों स्कूलों और अस्पतालों को धमकी भरे ईमेल आ रहे हैं, यह सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा। अब शहर के प्रमुख सरकारी अस्पताल गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज और सुशीला तिवारी अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने से मंगलवार को हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तत्काल हरकत में आया और अस्पताल परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।
धमकी भरा ई-मेल मिलते ही स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए। अस्पताल के भीतर और बाहर सघन जांच की गई। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए अस्पताल में आने-जाने वालों की निगरानी बढ़ा दी गई तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई।
प्राथमिक जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया यह धमकी भरा मेल शरारत या फर्जी भी हो सकता है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली गई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
पुलिस अब ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। साइबर सेल की मदद से ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।








