दिल्ली। दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, आज यह फैसला हो जाएगा। बुधवार शाम 7 बजे बीजेपी के विधायक दल की बैठक बुलाई गई है, जिसमें केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में विधायक दल के नेता का चयन किया जाएगा। उससे पहले दिन में केंद्रीय नेतृत्व द्वारा पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। बैठक के बाद विधायक दल का नेता एलजी ऑफिस जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करेगा, जिसे एलजी मंजूरी के लिए राष्ट्रपति भवन भेजेंगे। उसके बाद गुरुवार को रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह होगा।
सूत्रों के मुताबिक, शपथ ग्रहण समारोह के लिए कुल तीन मंच बनाए जाएंगे, जिसमें एक मंच 40 गुणा 24 और दो मंच 34 गुणा 40 के होंगे। मंच पर करीब 150 कुर्सियां लगाई जाएंगी। वहीं, आम लोगों के बैठने के लिए 30 हजार कुर्सियां लगाई जाने की संभावना है। सूत्रों का कहना है कि 1.5 लाख लोगों के आने की व्यवस्था का इंतजाम किया गया है।
दिल्ली में बीजेपी संसदीय बोर्ड की बैठक खत्म हो चुकी है। इस बैठक में दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली के नए सीएम का नाम तय किया जा चुका है।






