प्रयागराज। मौनी अमावस्या के मौके पर महाकुंभ में भगदड़ मच गई। भगदड़ में 10 से ज्यादा लोगों की मौत होने की आशंका है। इस भगदड़ की घटना पर पीएम मोदी नजरें बनाए हुए हैं। इतना ही नहीं पिछले 2 घंटों में पीएम मोदी सीएम योगी आदित्यनाथ से 3 बार फोन पर बात भी कर चुके हैं।
इस बीच खबर आई थी कि प्रयागराज आ रहीं कई ट्रेनों को डायवर्ट कर दिया गया है। साथ ही अगले आदेश तक सारी स्पेशल ट्रेनें भी रद्द कर दी गई है। लेकिन ऐसा नहीं है।
रेलवे के आला अधिकारियों के मुताबिक प्रयागराज महाकुंभ के लिए कोई स्पेशल ट्रेन को कैंसिल या रद्द नहीं किया गया है। सभी स्पेशल ट्रेनों का संचालक पहले जैसा यथावत जारी रहेगा।
महाकुंभ मेला स्पेशल ट्रेनों पर नहीं है रोक-
इससे पहले बताया जा रहा था कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से प्रयागराज तक की विशेष ट्रेनों को रोक दिया है। जिससे जंक्शन पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। हालांकि कहा गया था कि नियमित रेल सेवाएं जारी रहेंगी, लेकिन सभी विशेष ट्रेनें अगले आदेश तक निलंबित रहेंगी। लेकिन ऐसा नहीं है। किसी तरह की स्पेशल ट्रेन कैंसिल नहीं की गई है।
दावा किया गया था कि अत्यधिक भीड़ के मद्देनजर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से प्रयागराज जाने वाली महाकुंभ मेला स्पेशल ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया है। हालांकि बाकी अलग रूट पर चलने वाली कुंभ मेला स्पेशल ट्रेनों का चलना यथावत जारी है।
प्रयागराज जंक्शन पर सुरक्षा बढ़ाई-
वहीं भगदड़ के बाद प्रयागराज जंक्शन पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) और पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। संगम पर मौनी अमावस्या स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के सुरक्षित परिवहन की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
महाकुंभ में श्रद्धालुओं की आमद बहुत ज़्यादा है, अब तक 15 करोड़ से ज्यादा लोगों ने संगम में स्नान किया है। अकेले मौनी अमावस्या पर ही करीब 10 करोड़ श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान में हिस्सा लिया। 25 जनवरी से लेकर अब तक महाकुंभ में हर रोज करीब एक करोड़ यात्री आ रहे हैं।
स्टेशन प्रवेश और निकास प्रोटोकॉल-
इस भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रयागराज रेलवे डिवीजन ने शहर के स्टेशनों पर प्रवेश और निकास के लिए विशेष प्रोटोकॉल लागू किए हैं। ये उपाय मौनी अमावस्या से एक दिन पहले और दो दिन बाद प्रभावी होंगे। प्रयागराज जंक्शन में प्रवेश शहर की तरफ के दरवाजे और प्लेटफॉर्म नंबर 1 तक सीमित है, जबकि निकास सिविल लाइंस और प्लेटफॉर्म नंबर 6 से है।
आरक्षित टिकट धारक शहर की तरफ गेट नंबर पांच से प्रवेश कर सकते हैं, जबकि अनारक्षित यात्री प्रवेश के लिए दिशा-वार रंग-कोडित आश्रयों का उपयोग करेंगे। इन आश्रयों में अनारक्षित टिकट काउंटर, एटीएम और मोबाइल टिकटिंग सुविधाएं उपलब्ध हैं।
अतिरिक्त भीड़ के दबाव को देखते हुए खुसरो बाग में एक लाख लोगों के लिए व्यवस्था की गई है। नैनी जंक्शन पर स्टेशन रोड से प्रवेश और माल शेड से निकास है। आरक्षित यात्री गेट नंबर दो से प्रवेश कर सकते हैं।
इसी तरह प्रयागराज छिवकी स्टेशन तक पहुंचने के लिए प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे को जोड़ने वाली सीओडी रोड से जीईसी नैनी रोड पर निकास है। सूबेदारगंज स्टेशन में प्रवेश झलवा, कौशाम्बी रोड से है, जिसमें जीटी रोड की ओर निकास है; आरक्षित यात्री गेट नंबर तीन से प्रवेश करते हैं।







