हल्द्वानी। एनआरएलएम नैनीताल के सहयोग से आरसेटी हल्द्वानी (नैनीताल) द्वारा कराये जा रहे 12 दिवसीय मोमबत्ती बनाने के प्रशिक्षण कार्यक्रम का मूल्यांकन एवं समापन कार्यक्रम शनिवार को आर सेटी कार्यालय हल्द्वानी में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी, नैनीताल अनामिका ने प्रशिक्षणार्थियों द्वारा सोया, जैल तथा पैराफिन वैक्स से बनाए गए विभिन्न प्रकार की मोमबत्तियों की सराहना करते हुए उन्हें स्वरोजगार हेतु प्रेरित किया। और कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई जानकारी व कौशल से मोमबतियों में अपनी रचनात्मकता व कलात्मकता का उपयोग कर बाजार मांग के अनुसार क्वालिटी प्रॉडक्ट बनाएँगी तो उनकी आय सृजन गतिविधियों में बढ़ोत्तरी होगी।
इस अवसर पर उपस्थित नैनीताल जनपद के अग्रणी जिला प्रबन्धक अमित कुमार बाजपेई ने सरकार द्वारा बेंकों के माध्यम से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुये प्रशिक्षणार्थियों को समूह तथा बैंक वित्त के माध्यम से कार्य करने हेतु प्रेरित किया।
आर सेटी के निदेशक अतुल कुमार पाण्डेय द्वारा मुख्य विकास अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबन्धक, एन आर एल एम नैनीताल व प्रशिक्षणार्थियों का धन्यवाद व्यक्त करते हुए बताया कि संस्थान द्वारा दो वर्षों तक लगातार फॉलोअप किया जाएगा, यदि उन्हें स्वरोजगार करने में कोई भी परेशानी होती है तो आरसेटी द्वारा यथासंभव सहायता की जाएगी।
प्रशिक्षण स्किल ट्रेनर भावना जोशी तथा आरसेटी के फ़ैकल्टि हेम कृष्ण सिंह द्वारा दिया गया। इस अवसर पर भीमताल विकासखंड से पी आर पी शकुंतला नेगी आदि उपस्थित रहे।





