हरियाणा। सोनीपत के हसनपुर गांव के एक युवक ने बॉलीवुड एक्टर्स आलोक नाथ और श्रेयस तलपड़े के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। युवक का आरोप है कि मध्यप्रदेश के इंदौर में पंजीकृत ह्यूमन वेलफेयर क्रेडिट सोसाइटी ने लोगों को झांसा देकर करोड़ों की ठगी की है। इस सोसाइटी के संचालक दुबई में बैठे हैं और अभिनेता श्रेयस तलपड़े और आलोक नाथ इसके ब्रांड एंबेसडर हैं।
सोनीपत के हसनपुर निवासी विपुल ने डीजीपी को शिकायत दी है कि ह्यूमन वेलफेयर क्रेडिट सोसाइटी लिमिटेड ने धोखाधड़ी, ठगी, जालसाजी और अनुबंधीय दायित्वों का उल्लंघन किया है। विपुल का कहना है कि सोसाइटी ने 16 सितंबर 2016 से एमपी, हरियाणा सहित कई राज्यों में काम करना शुरू किया था।
सोसाइटी ने लोगों को फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) और आवर्ती जमा (आरडी) जैसी योजनाओं में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। सोसाइटी ने निवेशकों को आकर्षित करने के लिए बड़े पैमाने पर प्रचार किया, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोग इसमें शामिल हो गए। लोगों को कहा गया कि उनकी परिपक्वता राशि समय पर दी जाएगी।
सोसाइटी के 200 से अधिक कार्यालय खोले गए थे-
सोसाइटी ने यह भी कहा कि जो अधिक निवेशकों को जोड़ेगा, उसे अतिरिक्त प्रोत्साहन मिलेगा। यह मॉडल मल्टी-लेवल मार्केटिंग पर आधारित था। लोगों ने अपने परिचितों, दोस्तों और रिश्तेदारों को जोड़ा, जिससे एक बड़ा नेटवर्क बन गया। विपुल ने भी लगभग एक हजार लोगों को जोड़ा था। कंपनी के प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया गया।
पीड़ित ने बताया कि 2016 से 2023 तक सोसाइटी ने समय पर भुगतान किया और सभी सुविधाएं दीं। लेकिन बाद में स्थिति बिगड़ने लगी और कामकाज में गड़बड़ी हुई। प्रोत्साहन राशि और परिपक्वता राशि नहीं दी गई। अधिकारियों ने कहा कि सिस्टम अपग्रेडेशन के चलते ऐसा हो रहा है। बाद में सोसाइटी मालिकों ने बातचीत तक बंद कर दी। लोगों के पैसे फंस गए। बताया जा रहा है कि सोसाइटी के 200 से अधिक कार्यालय खोले गए थे, जिनमें लाखों लोगों को जोड़ा गया था।
इन लोगों पर दर्ज हुआ मामला-
सोनीपत के रहने वाले विपुल आंतिल ने कंपनी पर मामला दर्ज कराया है। शिकायत के अनुसार, कंपनी ने 50 लाख के करीब लोगों से पैसे लिए हैं। शिकायत पर संचालक नरेंद्र नेगी, समीर अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, परीक्षित पारसे, आरके सेठी, राजेश टैगोर (मुख्य ट्रेनर), संजय मूदगिल (मुख्य ट्रेनर), बॉलीवुड एक्टर श्रेयस तलपड़े और आलोक नाथ (ब्रांड एंबेसडर), पप्पू शर्मा, आकाश श्रीवास्तव (हरियाणा हेड), रामकवार झा (चेस्ट ब्रांच) और शबाबे हुसैन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मुरथल थाने में धारा 316(2), 318(2), (4) बीएमएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।






