हल्द्वानी। आज एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में छात्रसंघ चुनाव हेतु प्रातः 09:00 बजे से मतदान प्रक्रिया प्रारंभ हुई। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मतदान के लिए पहुंच रहे हैं।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निर्विवाद संपन्न कराने हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मौके पर डॉ. जगदीश चन्द्र, एसपी क्राइम/ट्रैफिक नैनीताल एवं मनोज कुमार कत्याल, एसपी सिटी हल्द्वानी द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है तथा ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
वर्दीधारी पुलिस के साथ सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मी, एलआईयू एवं फायर सर्विस की टीमें भी तैनात हैं। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने हेतु यातायात पुलिस द्वारा लगातार भ्रमण एवं आवश्यक स्थानों पर डायवर्जन की व्यवस्था की गई है।
किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी टीमें तैनात हैं। साथ ही ड्रोन एवं बॉडी-वॉर्न कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस द्वारा छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।





