लालकुआं। डॉ० मंजूनाथ टीसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देशन में जनपद में अवैध शराब की बिक्री एवं तस्करी की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में मनोज कुमार कत्याल, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी एवं विमल प्रसाद, क्षेत्राधिकारी लालकुआं के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा प्रभावी चेकिंग एवं गश्त के दौरान एक अभियुक्त को 116 पाउच कच्ची शराब एवं एक मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया गया।
पुलिस कार्यवाही-
दिनांक 06.08.2026 को कोतवाली लालकुआं की चौकी बिंदुखत्ता पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग, गश्त, जुर्म-जरायम की रोकथाम एवं शांति व्यवस्था ड्यूटी के दौरान गोला गेट के पास से अभियुक्त सचिन पाठक पुत्र श्याम पाठक, निवासी इंदिरा नगर प्रथम, बिंदुखत्ता, लालकुआं को मोटरसाइकिल संख्या UK04AR-5866 (डिस्कवर) पर एक सफेद प्लास्टिक के कट्टे में 116 पाउच कच्ची शराब ले जाते हुए गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि सूरज गोस्वामी, निवासी इंदिरा नगर द्वितीय, बिंदुखत्ता उससे प्रतिदिन ₹300 के हिसाब से उक्त कच्ची शराब बिकवाता है। इस संबंध में सूरज गोस्वामी की संलिप्तता के साक्ष्य भी प्राप्त हुए हैं, जिसके आधार पर उसके विरुद्ध भी धारा 69-बी आबकारी अधिनियम के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अभियुक्तों के विरुद्ध कोतवाली लालकुआं में FIR संख्या 125/2026, धारा 60/69-बी/72 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस टीम-
- उपनिरीक्षक गौरव जोशी, चौकी प्रभारी बिंदुखत्ता
- कानि0 वीरेन्द्र सिंह
- कानि0 प्रहलाद सिंह






