हल्द्वानी। जिलाधिकारी वंदना के निर्देशन में हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से वार्ड-वार जन सुविधा शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज वार्ड संख्या 3 एवं 4 में प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक शिविरों का सफल आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान नागरिकों ने मुख्यतः आपूर्ति व्यवस्था, राशन कार्ड में नाम जोड़ने/हटाने तथा पृथक राशन कार्ड जारी करने जैसी समस्याएं उठाई। अधिकारियों द्वारा इनमें से अधिकांश शिकायतों का समाधान मौके पर ही किया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित निस्तारण हेतु सम्बद्ध विभागों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
आज के शिविर में आधार सेवा से संबंधित कार्यों के अंतर्गत कुल 54 आधार कार्ड बनाए और संशोधित किए गए। पूर्ति विभाग से 11 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें नए राशन कार्ड बनाए जाने और नाम जोड़ने/हटाने के आवेदन सम्मिलित थे। इसके अतिरिक्त 06 यूसीसी आवेदन, एक शिकायत बिजली विभाग से संबंधित और नगर निगम से संबंधित 01 शिकायत स्ट्रीट लाइट लगवाए जाने के संबंध में की गई, जिसका विभाग द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्यवाही की गई।
शिविर में नगर आयुक्त ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, सहायक नगर आयुक्त जी.के. भट्ट, विभागीय अधिकारी-कर्मी, वार्ड संख्या 3 के पार्षद धर्मवीर जी और वार्ड संख्या 4 की पार्षद हेमा भट्ट उपस्थित रहे। संबंधित पार्षदों ने जिला प्रशासन एवं नगर निगम की इस नागरिक-केंद्रित पहल के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।
अगला जन सुविधा शिविर दिनांक 25 सितम्बर 2025 को वार्ड संख्या 01 के नगर निगम बालक इंटर कॉलेज काठगोदाम में और वार्ड संख्या 2 के रामलीला मैदान शीशमहल में आयोजित किया जाएगा। नगर निगम के कुल 60 वार्डों में से अब तक 58 जन सुविधा शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से आमजन को उनके क्षेत्र में ही मूलभूत नागरिक सुविधाए सहजता से उपलब्ध कराई जा रही हैं।






