धारी। जनपद अंतर्गत किसानों की विविध समस्याओं/मुद्दों के समाधान और उन्हें तकनीकी एवं वैज्ञानिक रूप से सक्षम व जागरूक बनाने हेतु प्रत्येक माह के द्वितीय बृहस्पतिवार को विकासखंडवार “किसान दिवस” का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में प्रथम किसान दिवस का आयोजन धारी विकास खण्ड मुख्यालय में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों और विशेषज्ञों द्वारा उपस्थित कृषकों को विभागों की योजनाओं, सुविधाओं की जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त रासायनिक/उर्वरकों, कीटनाशकों, तकनीकी ज्ञान, बीज, खाद, किसान क्रेडिट कार्ड, फसल बीमा, किसान पेंशन आदि अन्य योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें प्राकृतिक एवं जैविक खेती के प्रचार प्रसार एवं इसे अपनाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया गया।
साथ ही कृषि, सिंचाई, ऊर्जा, समाज कल्याण, उद्यान, सहकारिता, मत्स्य, दुग्ध विकास, पशुपालन, गन्ना मंडी परिषद एवं रेशम आदि विभागों के अधिकारियों के अतिरिक्त कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक तथा इंश्योरेंस कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा प्रतिभाग किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। इन विभागों द्वारा विभागीय स्टॉल भी लगाए गए।
इस मौके पर किसानों को विभिन्न प्रमाण पत्र वितरित करने के साथ ही कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा 50 किसानों को प्याज, बंद गोभी, फूल गोबी आदि के पौध व बीज वितरित किए गए।
इस अवसर पर किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र सिंह नेगी, सांसद प्रतिनिधि प्रदीप बिष्ट विधायक प्रतिनिधि प्रकाश चंद, जिला पंचायत सदस्य सरना रेखा देवी, ज्येष्ठ उप प्रमुख नंदाबल्लभ सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि सहित जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, उपजिलाधिकारी धारी अंशुल भट्ट, मुख्य कृषि अधिकारी रितु टमटा व विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, कृषि विशेषज्ञ मौजूद रहे।





