हल्द्वानी। मण्डल में उधमसिंह नगर को छोडकर पी.एम.जी.एस.वाई. के द्वारा वर्तमान में 22 सड़क मार्गाें पर निर्माण कार्य किया जा रहा है। आयुक्त ने कहा कि मंडल के चम्पावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोडा पर्वतीय क्षेत्रों के जनपदों पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजनाओं के कार्य काफी संख्या में क्रियान्वयन हो रहा है इसलिए अधिकारियों को इन कार्यों की विशेष मॉनिटरिंग की आवश्यकता है।
आयुक्त ने कहा कि जो योजनायें वनापत्ति के कारण लम्बित हैं उन आपत्तियों का समय से समाधान किया जाए साथ ही जो योजनायें माननीय न्यायालय में लम्बित है उनकी सूची सूची उपलब्ध कराने के साथ ही शीघ्र समाधान हेतु आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
बैठक में पीएमजीएसवाई के मुख्य अभियंता कुमाऊ आरिफ खान ने बताया कि मण्डल में पीएमजीएसवाई के द्वारा 10 करोड की अधिक की लागत से 22 सड़क मार्गों का निर्माण किया जा रहा है। वर्तमान में शीतकाल होने के कारण अनेक सड़क मार्गो में डामरीकरण का कार्य नहीं हो पा रहा है मौसम अनुकूल होने पर मार्च माह से डामरीकरण का कार्य कर लिया जाएगा।
उन्होंने अवगत कराया कि जनपद नैनीताल में पीएमजीएवाई के द्वारा 10 करोड से अधिक की लागत से 02 कार्य किये जा रहे हैं। जिसके अन्तर्गत नैनीताल से चम्पावत को जोडने वाला मार्ग रीठा साहिब-मिडार मोटर मार्ग एवं विकास खण्ड बेतालघाट के अन्तर्गत अम्बेडकर ग्राम-रसौली मोटर मार्ग का कार्य चल रहा है जो मार्च 2026 तक पूर्ण कर लिया जायेगा साथ ही मण्डल में अधिकांश मोटर मार्गों पर कार्य सुचारू रूप से गतिमान है।
समीक्षा के दौरान पी.एम.जी.एस.वाई. मुख्य अभियंता कुमाऊ आरिफ खान के साथ ही मण्डल के सभी अधीक्षण व अधिशासी अभियंता उपस्थित रहे।





